मथुरा

फर्जी शिक्षक घोटाला: JD के आदेश पर बीएसए का बाबू पटल से हटाया

लिपिक बलभद्र शर्मा के खिलाफ लंबे समय से विभागीय कार्यों को टालने की शिकायतें मिल रही थीं।

2 min read
Jan 22, 2020
फर्जी शिक्षक घोटाला: JD के आदेश पर बीएसए का बाबू पटल से हटाया
फर्जी शिक्षक घोटाला: JD के आदेश पर बीएसए का बाबू पटल से हटाया

मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय मथुरा में एक लिपिक के खिलाफ की गई कार्रवाई चर्चा में है। संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा मंडल डॉ मुकेश अग्रवाल द्वारा डायट प्राचार्य मथुरा की शिकायत पर कार्यालय के लिपिक बलभद्र शर्मा का सम्बद्धीकरण रद्द कर दिया गया है।

ये है मामला

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को लिपिक बलभद्र शर्मा को अपने मूल तैनाती वाले राजकीय कन्या हाई स्कूल मथुरा में वापस भेजे जाने का आदेश दिया है और इस आदेश का कड़ाई से पालन करने की बात कही है। लिपिक बलभद्र शर्मा के खिलाफ लंबे समय से विभागीय कार्यों को टालने की शिकायतें मिल रही थीं। लिपिक की कार्यप्रणाली से बीएसए कार्यालय आने वाले फरियादी परेशान थे।

डाइट प्राचार्य मथुरा द्वारा संयुक्त शिक्षा निदेशक से बलभद्र शर्मा के खिलाफ कार्य में लापरवाही बरतने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की गई थी। जब बलभद्र शर्मा से इस बाबत जवाब मांगा गया तो बलभद्र शर्मा ने कहा कि वह शिक्षक भर्ती घोटाले के करीब डेढ़ सौ मामलों में गवाह है। जिसके चलते भर्ती घोटाले से जुड़े अज्ञात लोग उसके ऊपर पटल छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं और उसके साथ कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। बलभद्र शर्मा ने मौजूदा पटल पर कार्य करने में असमर्थता जताई। जिसके चलते संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिपिक बलभद्र शर्मा का सम्बद्धीकरण रद्द कर दिया है।

आपको बता दें कि लिपिक बलभद्र शर्मा उस महत्वपूर्ण पटल को देख रहे थे जिस पटल पर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व शिक्षक भर्ती घोटाले का मुख्य आरोपी महेश शर्मा कार्य संभालता था। ऐसे समय में जब शिक्षक भर्ती घोटाले के अधिकतर आरोपी करीब डेढ़ वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए हैं उसी समय बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एक लिपिक को पटल छोड़ने व विजिलेंस की कार्रवाई में फंसाने की धमकी मिलना अपने आप में बहुत कुछ कहता है।

Published on:
22 Jan 2020 03:07 pm