
Krishna Janmabhoomi Temple Mathura: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों के बीच मथुरा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की दो दिवसीय चिंतन बैठक ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान देते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को 'कर सेवा' करने का खुला न्योता दिया है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस तरह अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण निश्चित रूप से होगा। उन्होंने कहा कि यह निर्माण चाहे न्यायिक प्रक्रिया से हो या आपसी बातचीत से, मंदिर बनकर रहेगा। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मौर्य ने कहा, "अगर अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं, तो उन्हें जन्मभूमि आकर कर सेवा में हिस्सा लेना चाहिए। अगर वे चाहें, तो केशव प्रसाद मौर्य भी उनके साथ चलकर मिलकर मंदिर निर्माण का कार्य करेंगे।"
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव को लैपटॉप की बात नहीं करनी चाहिए। उन्हें कट्टे, बम, गुंडों, अपराधियों और माफियाओं की बात करनी चाहिए, क्योंकि 2012 से 2017 के बीच जनता ने उनकी सरकार का यही रूप देखा है। मौर्य ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है और आज यूपी दंगा-मुक्त व कानून-व्यवस्था के मामले में मजबूत है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने गरीबों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं, जिससे देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
मथुरा में चल रही इस बैठक की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम ने बताया कि इसमें यूपी की राजनीति, सरकार और संगठन से जुड़े 54 प्रमुख लोग मंथन कर रहे हैं। कल पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नितिन नबीन भी इस सत्र में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में बीजेपी 60 प्रतिशत वोट हासिल कर लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और सपा के मुंगेरीलाल के सपने चकनाचूर हो जाएंगे।
वहीं, मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने इस बैठक को आगामी 2027 के चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण और राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री सहित सभी वरिष्ठ नेता यहां एकत्रित हुए हैं, जहां आगे की रणनीति पर ठोस फैसले लिए जाएंगे।