
Waterlogging in Mathura: पिछले एक सप्ताह से जारी उमस भरी गर्मी के बाद सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने मथुरा के लोगों को बड़ी राहत दी है। देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर कभी रिमझिम तो कभी तेज रफ्तार के साथ चलता रहा। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों और अंडरपास में भारी जलभराव हो गया। प्रमुख स्थानों पर पानी भरने की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और जल निकासी का काम शुरू कर दिया।
सोमवार सुबह बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से मथुरा का मौसम बेहद सुहावना हो गया। आसमान में काले बादल छाए रहे और सूरज के दर्शन तक नहीं हुए। लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि दोपहर में यह 30 डिग्री तक पहुंच गया।
देर रात शुरू हुआ बारिश का यह सिलसिला सोमवार सुबह तक लगातार जारी रहा। इस दौरान बादलों और आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट भी सुनाई दी। भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया जिससे सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भूतेश्वर और कंकाली रोड समेत कुछ प्रमुख इलाकों में जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को घुटनों तक भरे पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ा।
मथुरा वृंदावन क्षेत्र में बारिश के बाद जलभराव की शिकायतें मिलने पर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया। नगर निगम ने सुबह 6 बजे से ही अपनी विशेष टीमें जलभराव वाले प्रभावित क्षेत्रों में भेज दीं। भूतेश्वर अंडरपास, कंकाली और न्यू बस स्टैंड अंडरपास में पानी भरने की सूचना मिली थी। इसके बाद नगर निगम की टीमों ने तुरंत सभी उपलब्ध पंपों को चालू कर जल निकासी शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार टीमों की तत्परता से इन तीनों स्थानों से करीब एक से दो घंटे में ही अधिकांश पानी निकाल दिया गया। इसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू हो गई।