
दिल्ली के कश्मीरी गेट से 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए बस निकली। रात के करीब डेढ़ बज रहे थे। बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेजी से आगे बढ़ रही थी। अधिकांश यात्री गहरी नींद में शो रहे थे, तभी अचानक बस के भीतर से भागो-भागो की चीख-पुकार गूंज उठी। आंख खुली तो आग की लपटें दिखाई दी। बस में धुंआ भरने लगा। अंधेरे और धंआ के बीच सभी यात्री बस से बाहर निकालने के लिए दरवाजे की तरफ दौड़ पड़े।
कोई बिन जूते-चप्पल के ही बस की खिड़की से नीचे कूद रहा था तो काई किसी तरह जान बचाकर सुरक्षित दूरी की ओर भाग रहा था। देखते-देखते ही आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। उनकी आंखों के सामने ही बस में रखा उनका सारा सामान और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। लाचार यात्री सड़क किनारे खड़े होकर धू-धू कर जलती बस को देखते रहे। ये बाते बस में सवार एक यात्री ने बताई।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1:38 बजे पीआरवी 5840 को बस में आग लगने की सूचना मिली। इस पर थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी। एफएसओ नरेश कुमार के नेतृत्व में दमकल विभाग की पांच गाड़ियों मौके पर पहुंची। यमुना एक्सप्रेस-वे यूनिट के सहयोग से आग करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बस के इंजन की वायरिंग में हुआ शॉर्ट सर्किट
जानकारी के मुताबिक, बस संख्या MP14ZH5063 खजुराहो ट्रेवल्स की थी। ड्राइवर जितेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासी नौगांव, छतरपुर, दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर निकला था। इसी दौरान बस के इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते बस और यात्रियों के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।