दरोगा और सिपाही ने नाबालिग के साथ दो बार दुष्कर्म किया, पीड़िता न्याय के लिए भटकती रही। जांच रिपोर्ट में दरोगा और सिपाही दोषी पाए गए हैं।
मथुरा। 19 सितंबर को हुए नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की ख़बर पत्रिका में छपने के बाद खबर का संज्ञान एसएसपी मथुरा ने लेते हुए पुरे मामले की जांच एसपी सुरक्षा को सौंपी। एसपी सुरक्षा ने जांच में एचसीपी रविकांत और सिपाही प्रवीण कुमार दोनों पुलिसकर्मियों को दोषी पाया। एसएसपी मथुरा ने एचसीपी रविकांत और सिपाही प्रवीण कुमार दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
ये था मामला
मथुरा के थाना गोविन्द नगर इलाके के एक होटल में दरोगा और एक सिपाही ने मिलकर नशीला पदार्थ खिलाकर एक किशोरी के साथ जबरन बलात्कार किया था। दरअसल आरोपी दरोगा पिछले डेढ़ साल से इस किशोरी के घर में किराए पर रहता था और उसे अपनी मीठी मीठी बातों में फसाकर थाना गोविंद नगर इलाके के एक होटल में ले आया।दरोगी रविकांत ने अपने साथी सिपाही प्रवीण को भी होटल में बुला लिया और फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर किशोरी पिला दिया। इसके साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। दरोगा और सिपाही ने किशोरी के साथ दो बार दुष्कर्म किया। पहले दस सितम्बर को किशोरी को झांसा देकर इसके साथ दुराचार किया गया और फिर 19 सितम्बर को एक बार फिर दुराचार किया गया। जब इसकी शिकायत किशोरी ने पुलिस अधिकारियों से करनी चाही तो पीड़िता की सुनवाई नहीं हुई। मामला जब मीडिया की सुर्खियां बना तो आनन-फानन में मथुरा के एसएसपी ने दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की जांच एसपी सुरक्षा को सौंपी गयी थी।एसपी सुरक्षा की जांच में दरोगा और सिपाही दोनों दोषी पाए गए। एसएसपी ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है।
जल्द होगी गिरफ्तारी
मामले की पूरी जांच रिपोर्ट बनाकर एसपी सुरक्षा ने एसएसपी मथुरा को सौंप दी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोविन्द नगर थाना में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। वहीं एसपी क्राइम राजेश कुमार सोनकर ने बताया कि डायल 100 पर तैनात सिपाही प्रवीण और दरोगा रवीकांत पर जो आरोप हैं वो सही पाए गए हैं। उसमें उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।