मथुरा

14 दिन पहले अपहृत किशोरी का यमुना के टापू पर मिला शव, चार महीने की लव स्टोरी का दर्दनाक अंत

UP Crime: यूपी की धर्मनगरी मथुरा के जमुनापार थानाक्षेत्र में चार महीने की लव स्टोरी का दर्दनाक अंत सामने आया है। यहां 14 दिन पहले घर से गायब हुई 13 साल की किशोरी का शव यमुना नदी के टापू पर मिला है। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

2 min read
Jan 02, 2024
girl_murder_in_mathura.jpg

Teenage Girl Murder in Mathura: उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र से गायब 13 साल बालिका का शव थाना सदर बाजार क्षेत्र में यमुना में बने एक टापू पर मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी 20 दिसंबर को घर से अचानक गायब हो गई थी। उसके पिता ने 22 दिसंबर को थाना जमुनापार में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजनों का आरोप है कि एक किशोर उनकी बेटी को काफी दिन से परेशान कर रहा था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर शव यमुना नदी में फेंका है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है।

थाना जमुनापार क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली 13 साल की बालिका का शव 14 दिन बाद थाना सदर बाजार क्षेत्र में यमुना में बने एक टापू पर मिला। बालिका का शव देख नाविकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बालिका जमुनापार इलाके के एक स्कूल में 8वीं की छात्रा थी। शव मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव को देखकर उसकी शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को शक है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को यमुना में फेंक दिया गया।


पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे बालिका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को जमुनापार क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी का रहने वाला एक किशोर पिछले 4 महीने से परेशान कर रहा था। कभी उनकी बेटी पर चॉकलेट फेंक जाता कभी कोई उपहार। किशोर को कई बार बालिका के पिता ने डांटा भी लेकिन वह नहीं माना। बालिका का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने बालिका को परेशान कर रहे किशोर सहित उसके 4 दोस्तों पर उनकी बेटी की हत्या करने का शक जताया। बालिका के पिता ने बताया कि किशोर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है।


यमुनापार थानाक्षेत्र के एक कॉलोनी से 13 साल की आठवीं की छात्रा 20 दिसंबर को अपने घर से गायब हो गई थी। उसके पिता ने 2 दिन बाद 22 दिसंबर को थाना जमुनापार में बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस और परिजन बालिका की तलाश कर रहे थे। 14 दिन बाद मंगलवार को बालिका का शव मिला। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि इस मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। इसमें किशोरी घर से अकेले ही कहीं जाती हुई दिखाई दे रही थी। पुलिस अब इस मामले में पोस्टमॉर्टम करा कर उसकी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद जो भी विधिक कार्यवाही होगी वह की जाएगी।

Published on:
02 Jan 2024 04:30 pm