राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर मथुरा पुलिस ने चलाया था सर्च आॅपरेशन।
मथुरा। जिले के थाना छाता क्षेत्र के गांव खायरा में चल रहे सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने बुधवार देर रात तक चोरी के 80 ट्रैक्टर बरामद किए। राजस्थान से चुराए गए इन ट्रैक्टरों के खायरा गांव में फर्जी कागजात बनाए जाते थे। मथुरा पुलिस ने 73 ट्रैक्टर खायरा गांव व सात ट्रैक्टर कोसी शहर से बरामद किए।
ये है मामला
दरअसल राजस्थान के बीकानेर पुलिस को राजस्थान से चोरी हुए ट्रैक्टर मथुरा जनपद के गांव खायरा में होने की सूचना मिल रही थी। मंगलवार को बीकानेर पुलिस ने मथुरा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई कर थाना छाता क्षेत्र के गांव खायरा में दबिश दी। उसके बाद सर्च अभियान चलाया गया जो बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान भारी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने एक एक घर की तलाशी ली। तलाशी के बीच मंगलवार को पुलिस को 34 ट्रैक्टर बरामद हुए थे जिनकी संख्या बुधवार को बढ़कर 80 हो गई। सर्च अभियान के दौरान ही पुलिस को जानकारी मिली की चोरी के कुछ ट्रैक्टर कोसी शहर में भी हैं। इसके बाद पुलिस ने अपना जांच का दायरा खायरा गांव से बढ़ा कर कोसी तक कर दिया। पुलिस को 73 ट्रैक्टर खायरा गांव में और सात कोसी से बरामद हुए। सीओ छाता चंद्रधर गौड़ ने बताया कि ज्यादातर ट्रैक्टर राजस्थान से चुराए गए हैं। खायरा में बड़े पैमाने पर इनके फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे। इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है। विस्तृत विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। सीओ छाता ने बताया कि इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। अभी जिन घरों से ट्रैक्टर बरामद हुए हैं, उनके बारे में छानबीन करेंगे। सारे सबूत इकट्ठे करेंगे, फिर सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
Must Read - Mahavir Jayanti 2018- यहां के जैन मंदिर में है चमत्कारी कुआं, जल पीते ही गंभीर बीमारियां भी हो जाती हैं छूमंतर