17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कृष्ण जन्मभूमि केस: हाईकोर्ट में दोनों पक्षों ने रखीं दलीलें, 20 नवंबर को फिर सुनवाई

Krishna Janmabhoomi Hearing: मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट में करीब दो घंटे सुनवाई हुई। कुछ अर्जियों का निस्तारण किया गया, जबकि कुछ पर आदेश सुरक्षित रखा गया। अब मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मथुरा

•

image

Ankit Sai

•

Updated: 14 Oct 2026, 8:07 AM IST

Allahabad High court

इलाहाबाद हाईकोर्ट (फोटो आईएएनएस)

Krishna Janmabhoomi Case: मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट में मंगलवार को करीब दो घंटे तक सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना की एकल पीठ के सामने दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें रखीं। सुनवाई के दौरान कुछ अर्जियों का निस्तारण किया गया, जबकि कुछ पर कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। वाद संख्या एक से सात तक से जुड़ी अर्जियों पर सुनवाई हुई, लेकिन समय की कमी के कारण सभी मामलों पर सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।

कुछ अर्जियों पर आदेश सुरक्षित

मथुरा के इस विवाद से जुड़ी याचिकाओं पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। मंगलवार को हुई सुनवाई में अदालत ने कुछ आवेदनों का निस्तारण किया। वहीं, कुछ अर्जियों पर फैसला सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल अदालत का विस्तृत आदेश अपलोड नहीं हुआ है। इसलिए सुरक्षित रखे गए आदेशों से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है।

18 मुकदमों पर हाईकोर्ट में सुनवाई

श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जुड़े कुल 18 मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रही है। इनमें मूल वाद संख्या एक भी शामिल है। हिंदू पक्ष की ओर से दाखिल याचिकाओं में दावा किया गया है कि शाही ईदगाह मस्जिद मंदिर की जमीन पर बनी है। इसी आधार पर विवादित परिसर की जमीन मंदिर पक्ष को सौंपने की मांग की गई है।

13.37 एकड़ जमीन सौंपने की मांग

मंदिर पक्ष ने विवादित परिसर की पूरी 13.37 एकड़ जमीन श्रीकृष्ण जन्मभूमि को सौंपने की मांग की है। इसके साथ ही मंदिर के जीर्णोद्धार और स्थायी निषेधाज्ञा की मांग भी याचिकाओं में की गई है। हिंदू पक्ष का आरोप है कि शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण मंदिर की जमीन पर हुआ था। हालांकि, ये पक्षकारों की ओर से अदालत में रखे गए दावे हैं।

अक्टूबर 2023 से चल रही सुनवाई

इस मामले से जुड़ी विभिन्न याचिकाओं पर अक्टूबर साल 2023 से इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही है। हाईकोर्ट इन मुकदमों की सीधे सुनवाई कर रहा है। मंगलवार को समय की कमी के चलते कुछ मामलों पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर हैं। उस दिन किन अर्जियों पर सुनवाई होगी और सुरक्षित रखे गए आदेशों पर क्या फैसला आएगा, इसकी जानकारी अदालत का आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।