घोसी विधायक सुधाकर सिंह के निधन के साथ ही घोसी सीट एक बार फिर खाली हो गई है, जिसके बाद यहां उपचुनाव की प्रक्रिया तय मानी जा रही है।
Ghosi By Election: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का आज निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे ने की। लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के साथ ही घोसी सीट एक बार फिर खाली हो गई है, जिसके बाद यहां उपचुनाव की प्रक्रिया तय मानी जा रही है।
नियमों के अनुसार किसी जनप्रतिनिधि के निधन, इस्तीफे या अयोग्य घोषित होने पर सीट खाली होने की स्थिति में छह महीने के भीतर उपचुनाव कराना अनिवार्य होता है। ऐसे में संभावना है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ही घोसी विधानसभा में उपचुनाव कराए जाएँगे। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाने वाली इस सीट पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच एक बार फिर कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में घोसी सीट से सपा के दारा सिंह चौहान ने जीत दर्ज की थी। लेकिन उन्होंने एक वर्ष बाद अपने पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2023 में हुए उपचुनाव में भाजपा ने दारा सिंह चौहान को ही उम्मीदवार बनाया, जबकि सपा ने सुधाकर सिंह को टिकट दिया। इस उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने दारा सिंह चौहान को 50 हजार से अधिक वोटों से हराकर बड़ी जीत हासिल की थी।
लगभग ढाई साल बाद अब उनके निधन से यह सीट दोबारा खाली हो गई है। चुनाव आयोग जल्द ही उपचुनाव की तिथि घोषित कर सकता है।