Ghosi MLA Sudhakar Singh Passes Away : घोसी विधायक के निधन पर सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया है। विधायक के निधन की सूचना मिलने पर अखिलेश यादव तुरंत मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। अखिलेश यादव से मिलकर विधायक सुधाकर सिंह के बेटे फफक कर रोने लगे।
मऊ : घोसी विधानसभा से विधायक सुधाकर सिंह का निधन हो गया। वह 67 साल के थे। वह 2023 के उपचुनाव में सपा के टिकट पर जीत दर्ज कर विधायक बने थे। विधायक के निधन की सूचना मिलने पर अखिलेश यादव तुरंत मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। अखिलेश यादव को देखकर उनके पुत्र सुजीत सिंह खुद को संभाल नहीं सके और फफक कर रो पड़े। अखिलेश यादव ने आगे बढ़ कर उन्हें संभाला और सांत्वना दी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, 'घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि।' घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने उनके निधन की पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटते समय विधायक की तबीयत बिगड़ गई थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। वाराणसी पहुंचने पर स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार को भर्ती होने के बाद मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि उन्हें हार्ट की समस्या थी और वर्ष 2022 में पेसमेकर लगाया गया था।
सुधाकर सिंह हाल ही में हुए उपचुनाव में चर्चा में आए थे, जहां उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हराकर घोसी सीट पर अपनी जीत दर्ज की थी। राजनीति में उनका कद काफी मजबूत माना जाता था। वे घोसी के ही मूल निवासी थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में वे सपा के प्रबल दावेदार थे, हालांकि अंतिम समय में पार्टी ने उनका टिकट बदलकर दारा सिंह चौहान को दे दिया था।
विधायक सुधाकर सिंह की शवयात्रा पैतृक गांव भावनपुर से 19 किमी की शव यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार शाम 5.30 बजे दोहरीघाट पर सरयू नदी के किनारे होगा।