
Cattle Smuggler arrested in Mau:मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इंदारा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोपागंज के चेला राम का पूरा के रहने वाले ढेला पुत्र नसीर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह गौवध अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित था। वहीं, लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कटवास की ओर से इंदारा रेलवे स्टेशन की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बातया कि खुद को घिरता देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं, जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया है कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढेला के खिलाफ मऊ और बलिया जनपद में गौवध अधिनियम समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। बलिया के सिकंदरपुर थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में रहकर गो-तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था।