मऊ

Mau News: बदला स्कूलों का समय, अब साढ़े सात से साढ़े बारह बजे तक चलेंगे स्कूल

मऊ जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय द्वारा सोमवार को कार्यालय आदेश जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी मऊ की अनुमति के क्रम में छात्र-छात्राओं के […]
less than 1 minute read
Apr 20, 2026
Feature image

मऊ जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय द्वारा सोमवार को कार्यालय आदेश जारी किया गया।


जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी मऊ की अनुमति के क्रम में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों (कक्षा 1 से 8 तक) के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। अब ये विद्यालय 21 अप्रैल 2026 से प्रातः 7:30 बजे से लेकर दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं गर्मी के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रह सकें और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश अगले निर्देश जारी होने तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय के अनुसार ही विद्यालय भेजें और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा यह अहम कदम उठाया गया है।

Published on:
20 Apr 2026 03:47 pm