Mau News: मऊ शहर कोतवाली में घोसी संसद के खिलाफ सोशल मीडिया के जरिए दुष्प्रचार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सांसद के निजी सहायक प्रभात कुमार राय ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र के गोनईपुर गांव निवासी अनिल कुमार यादव पुत्र राजेंद्र […]
Mau News: मऊ शहर कोतवाली में घोसी संसद के खिलाफ सोशल मीडिया के जरिए दुष्प्रचार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सांसद के निजी सहायक प्रभात कुमार राय ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र के गोनईपुर गांव निवासी अनिल कुमार यादव पुत्र राजेंद्र प्रसाद द्वारा एक सोशल मीडिया आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से सांसद राजीव राय के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है।
तहरीर के अनुसार, उक्त आईडी से सांसद पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी व्याप्त है और मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले पर सांसद राजीव राय ने कहा कि इस प्रकार के दुष्प्रचार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जनता के मुद्दों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करते हैं और इस तरह की गलत सूचनाओं से उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी निरीक्षक फूलचंद्र यादव को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।