Ghosi news: घोसी में चीनी मिल में रुकी गन्ने के पेराई मुद्दे को लेकर रविवार को एक बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत का आह्वान युवा समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह ने किया था। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से किसान और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।सभा को […]
Ghosi news: घोसी में चीनी मिल में रुकी गन्ने के पेराई मुद्दे को लेकर रविवार को एक बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत का आह्वान युवा समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह ने किया था। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से किसान और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
सभा को राजीव राय, सगड़ी विधायक एच एन सिंह पटेल, सपा विधायक राजेंद्र प्रसाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल प्रसाद तथा आयोजक सुजीत सिंह ने संबोधित किया। वक्ताओं ने चीनी मिल बंद होने से किसानों और श्रमिकों को हो रही आर्थिक क्षति पर चिंता जताई।
राजीव राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. कल्पनाथ राय के बाद यदि मऊ जनपद में सबसे अधिक विकास कार्य किसी ने कराया है तो वह समाजवादी सरकारों ने कराया है। उन्होंने दावा किया कि सभी ब्लॉकों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की नई इमारतें बनीं, जिला मुख्यालय पर हाईटेक महिला अस्पताल का निर्माण हुआ तथा टड़ियावां में 100 बेड के अस्पताल की स्थापना की गई। उन्होंने सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि विपक्ष इतना ही शक्तिशाली है कि मिल बंद करवा दे रहा, तो सत्ता पक्ष के लोग भी इस्तीफा देकर विपक्ष में शामिल हो जाएं।
सगड़ी विधायक एच एन सिंह पटेल ने कहा कि उन्होंने गन्ना मंत्री से मिल चलवाने के संबंध में बातचीत की थी, लेकिन मंत्री जी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार की मिल चलाने की कोई मंशा नहीं है।
ज्ञापन लेने पहुंचे एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने स्पष्ट किया कि चीनी मिल स्थायी रूप से बंद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मिल की मशीनें लगभग 40 वर्ष पुरानी हो चुकी हैं, इसलिए उन्हें समय से पहले बंद कर मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मिल के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।
महापंचायत में किसानों ने मिल शीघ्र चालू कराने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।