
मऊ में भाजपा-सपा में बवाल..
AK Sharma vs Rajeev Rai Clash: मऊ जिले के दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आयोजित मेमू ट्रेन उद्घाटन समारोह अचानक राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी से सपा सांसद राजीव राय मंच पर ही आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई और माहौल इतना गर्म हो गया कि भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस और आरपीएफ को मोर्चा संभालना पड़ा। पूरे घटनाक्रम ने उद्घाटन समारोह को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
कार्यक्रम के दौरान जब सपा सांसद राजीव राय अपने समर्थकों के साथ मंच की ओर बढ़े तो वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान सांसद और मंत्री के बीच कहासुनी तेज हो गई। गुस्से में सांसद राजीव राय ने मंत्री एके शर्मा की ओर उंगली दिखाते हुए कहा कि “आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है। मैं यहां का सांसद हूं और मेरे सामने मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है।” मंच पर मौजूद अन्य नेताओं और अधिकारियों ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने की कोशिश की।
कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही सपा समर्थकों ने नारे लगाने शुरू किए, भाजपा कार्यकर्ता भी जवाबी नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आरपीएफ जवानों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया। कार्यक्रम में मौजूद आम लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सपा नेता अखिलेश राठौर और घोसी के पूर्व विधायक दिवंगत सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह मंच पर चढ़ने लगे थे। इसी दौरान सीओ मधुबन ने अखिलेश राठौर को मंच से नीचे उतार दिया। सुजीत सिंह को भी मंच से हटाया गया। आरोप है कि जब सांसद राजीव राय मंच पर पहुंचने लगे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी घटना के बाद विवाद और ज्यादा बढ़ गया।
दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन सेवा को लेकर भाजपा और सपा के बीच लंबे समय से श्रेय लेने की होड़ चल रही थी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा इस परियोजना को भाजपा सरकार की उपलब्धि बता रहे हैं, जबकि सपा सांसद राजीव राय का दावा है कि उन्होंने लगातार रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के सामने इस मुद्दे को उठाया। ट्रेन सेवा शुरू होने से मऊ और आसपास के इलाकों को वाराणसी से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, इसलिए दोनों दल इसे जनता के बीच अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करना चाहते हैं।
उद्घाटन से पहले ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही संकेत दिया था कि मऊ-दोहरीघाट क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने वाली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद भी दिया। वहीं दूसरी ओर सांसद राजीव राय के कार्यालय से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि वर्षों से लंबित इस मेमू ट्रेन सेवा को मंजूरी दिलाने में सांसद की निर्णायक भूमिका रही है। प्रेस नोट में दावा किया गया कि सांसद ने संसद से लेकर रेलवे अधिकारियों तक लगातार इस मुद्दे को उठाया।
शाम करीब चार बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हालांकि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे की चर्चा पूरे जिले में होती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के उद्घाटन समारोह अब राजनीतिक टकराव का मंच बनते जा रहे हैं।
हंगामे के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सपा केवल विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए इस तरह का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की गुंडई और जबरदस्ती को जनता देख रही है। भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य करा रही है। मंत्री ने कहा कि जनता सब समझ रही है और ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।
वहीं सपा सांसद राजीव राय ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घोसी की राजनीति हमेशा सम्मान और सौहार्द की रही है, लेकिन कुछ लोगों ने इसे खराब करने का काम किया है। सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोकने की कोशिश की गई और उनके समर्थकों के साथ अभद्र व्यवहार हुआ। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए सांसद को रोकना लोकतंत्र का अपमान है।
मऊ का यह घटनाक्रम अब पूरे प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए क्षेत्रीय नेताओं के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई तेज हो चुकी है। मेमू ट्रेन जैसी विकास परियोजनाएं अब जनता की सुविधा से ज्यादा राजनीतिक श्रेय की लड़ाई का हिस्सा बनती दिखाई दे रही हैं।
Published on:
12 May 2026 09:32 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
