मऊ जनपद के शिक्षा क्षेत्र परदहा अंतर्गत खंडेरायपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, जो वर्ष 2007-08 में निर्मित हुआ था, मात्र 15 वर्ष में ही जर्जर घोषित कर दिया गया है। भवन की स्थिति को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि निर्माण कार्य में शुरुआत से ही अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ, जिसके चलते […]
मऊ जनपद के शिक्षा क्षेत्र परदहा अंतर्गत खंडेरायपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, जो वर्ष 2007-08 में निर्मित हुआ था, मात्र 15 वर्ष में ही जर्जर घोषित कर दिया गया है। भवन की स्थिति को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि निर्माण कार्य में शुरुआत से ही अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ, जिसके चलते भवन समय से पहले ही खस्ताहाल हो गया।
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेता दिनेश राय बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप हुआ होता तो भवन इतनी जल्दी जर्जर नहीं होता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिला समन्वयक (डीसी) निर्माण मामले की जांच कराने में टालमटोल कर रहे हैं।
धरने के दौरान दिनेश राय ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
वहीं, बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।