मऊ

Mau News: सीबीएसई ईस्ट ज़ोन टेनिस टूर्नामेंट में लखनऊ का दबदबा, मऊ की बेटी ने रचा इतिहास

जनपद के अरदौना गांव की मूल निवासी अनन्या वी. सिंह और अन्वेषा वी. सिंह ने लखनऊ स्थित अपने स्कूल आर.एल.बी. सेक्टर-14, इंदिरा नगर का प्रतिनिधित्व करते हुए सीबीएसई ईस्ट ज़ोन टेनिस टूर्नामेंट में अंडर-19 गर्ल्स कैटेगरी का खिताब अपने नाम किया है। यह टूर्नामेंट डीपीएस सीतापुर में आयोजित हुआ था।

less than 1 minute read
Aug 08, 2025

मऊ जनपद एक बार फिर गौरवांवित हुआ है। जनपद के अरदौना गांव की मूल निवासी अनन्या वी. सिंह और अन्वेषा वी. सिंह ने लखनऊ स्थित अपने स्कूल आर.एल.बी. सेक्टर-14, इंदिरा नगर का प्रतिनिधित्व करते हुए सीबीएसई ईस्ट ज़ोन टेनिस टूर्नामेंट में अंडर-19 गर्ल्स कैटेगरी का खिताब अपने नाम किया है। यह टूर्नामेंट डीपीएस सीतापुर में आयोजित हुआ था।

अनन्या और अन्वेषा जो दिवाकर सिंह की पौत्रियां एवं विनय कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह की पुत्रियां हैं, ने फाइनल में खेलगांव पब्लिक स्कूल, प्रयागराज को सीधे सेटों में 2-0 से हराया। उनकी दमदार सर्विस, उत्कृष्ट समन्वय और रणनीतिक खेल ने दर्शकों का दिल जीत लिया। यह पहली बार है जब उनके स्कूल ने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है, और इसमें मऊ की बेटियों की यह उपलब्धि ऐतिहासिक मानी जा रही है।

लखनऊ के अन्य स्कूलों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। डीपीएस एल्डिको लखनऊ की शुभि रंजन और इक्षिता रंजन की जोड़ी ने अंडर-17 कैटेगरी में खेलगांव पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं जीडी गोयनका स्कूल ने विभिन्न श्रेणियों में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

आर.एल.बी., डीपीएस एल्डिको और जीडी गोयनका स्कूल की इस संयुक्त सफलता ने सीबीएसई ईस्ट ज़ोन टेनिस में लखनऊ को एक प्रमुख शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया है। इसके साथ ही मऊ की बेटियों ने यह साबित कर दिया कि जनपद की प्रतिभाएं अब केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर रही हैं।

Also Read
View All

अगली खबर