थाना सरायलखंसी क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचित किया।
Mau News: मऊ जिले के थाना सरायलखंसी क्षेत्र के सिकटिया ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच में जुट गई है।
मृतक युवक की पहचान गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बडौदा मील गांव निवासी 18 वर्षीय अनुज पासवान उर्फ इन्द्रजीत पुत्र घनश्याम पासवान के रूप में हुई है। मृतक के पिता घनश्याम पासवान ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे अनुज अपने घर के पास रहने वाले दीपक नामक युवक के साथ बहादुरगंज जाने की बात कहकर घर से निकला था। थोड़ी ही देर बाद दीपक बाइक लेकर घर आ गया और बताया कि अनुज तीन-चार अन्य लड़कों के साथ मऊ की ओर गया है।
परिजनों द्वारा बार-बार फोन करने पर भी अनुज का मोबाइल नहीं लगा। रात 8:30 बजे सरायलखंसी पुलिस ने परिजनों को फोन कर यह दुखद घटना की सूचना दी। अनुज पासवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और एक बड़ी बहन भी है। वह पेट्रोल पंप पर ड्यूटी करता था।
वर्तमान में मृतक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है, और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।