Mau News: मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बस्ती में बुधवार शाम तनाव फैल गया। गांव के अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त पाया गया। अज्ञात अराजक तत्वों ने प्रतिमा की एक उंगली तोड़ दी थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। […]
Mau News: मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बस्ती में बुधवार शाम तनाव फैल गया। गांव के अंबेडकर पार्क में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त पाया गया। अज्ञात अराजक तत्वों ने प्रतिमा की एक उंगली तोड़ दी थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 5 बजे कुछ ग्रामीण पार्क गए थे। उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा की एक उंगली टूटी हुई देखी, जिससे वे आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते वहां पुरुषों और महिलाओं की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इस घटना को गांव की शांति भंग करने और बाबा साहब का अपमान करने की सोची-समझी साजिश बताया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और काझा चौकी इंचार्ज आशुतोष श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस टीम गांव के आसपास के लोगों से पूछताछ कर शरारती तत्वों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। तनाव को देखते हुए, पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात की और उन्हें दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की तत्काल मरम्मत या नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने अराजक तत्वों की जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।