
मऊ जनपद की मधुबन तहसील में राजस्व कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपजिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कार्यों में लगातार शिथिलता पाए जाने पर चार लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल मच गई है।
निलंबित किए गए लेखपालों में विजय यादव, धीरज सोनी, उमाशंकर यादव और रामसेवक चौहान शामिल हैं। इन पर फार्म पंजीकरण सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित लेखपालों को पहले भी कई बार कार्य में सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।
प्रशासन द्वारा की गई जांच में कार्यों के निष्पादन में ढिलाई सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। निलंबन के पश्चात चारों लेखपालों को राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सख्त हिदायत दी है।
Updated on:
26 Apr 2026 10:14 pm
Published on:
26 Apr 2026 10:14 pm
