
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कैलेंडर तिराहे के पास भारत गैस एजेंसी के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है, जो जहनियापुर गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से कस्बे की ओर जा रही थीं, तभी अचानक पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन का कार्य लगातार जारी है और बिना किसी रोक-टोक के मिट्टी से लदे ट्रैक्टर सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
25 Apr 2026 11:56 am
Published on:
25 Apr 2026 11:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
