Mau News: मधुबन-घोसी मार्ग पर गुरुवार देर रात जामडीह के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बीबीपुर गांव के तीन युवकों—आज़ाद यादव उर्फ अज्जू, प्रमोद यादव और बेचन यादव—की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और […]
Mau News: मधुबन-घोसी मार्ग पर गुरुवार देर रात जामडीह के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बीबीपुर गांव के तीन युवकों—आज़ाद यादव उर्फ अज्जू, प्रमोद यादव और बेचन यादव—की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और एक ही बाइक पर सवार होकर घोसी स्थित एक निजी अस्पताल में अपने मित्र की पत्नी और नवजात शिशु को देखने गए थे।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल से लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया।
शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों युवकों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। श्मशान घाट पर जब तीनों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया।
इस हादसे का सबसे मार्मिक दृश्य प्रमोद यादव के घर पर देखने को मिला। उसकी शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। पति की अचानक मौत से उसकी पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बेसुध हो गई, और उसकी हालत देख वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके।
तीनों युवकों की एक साथ मौत ने न सिर्फ उनके परिवारों बल्कि पूरे गांव को गहरे दुख में डुबो दिया है। गांव में हर ओर मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना को याद कर सिहर उठते हैं।