
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के MLC विच्छेलाल राजभर ने एक विवादित बयान देकर नई सियासी बहस छेड़ दी है। मऊ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और खुलेआम लोगों से सपाई नेताओं को लाठी से दौड़ाने की बात कही। सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला।
MLC विच्छेलाल राजभर बुधवार को मऊ नगर पालिका में 60 साल से ऊपर की बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू हुई रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की 'लोकमाता अहिल्या बाई मातृशक्ति योजना' के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि '2027 के विधानसभा चुनाव में जब समाजवादी पार्टी के नेता आपके गांव में वोट मांगने आएं तो अपनी लाठी में तेल लगाकर तैयार रखिए, और उन्हें दौड़ाकर गांव से बाहर निकाल दीजिए।'
विच्छेलाल राजभर ने अखिलेश यादव और विकास राजभर के रिश्तों को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास अब जनता से जुड़ा कोई भी मुद्दा नहीं बचा है। सपा अब केवल ओमप्रकाश राजभर की राजनीति पर नजर बनाए हुए है। राजभर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि सुभासपा ने ही राजभर समाज की राजनीतिक ताकत को 47 से बढ़ाकर 125 तक पहुंचाया है और समाज को एक नई और मजबूत पहचान दी है।
विच्छेलाल राजभर ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA की वापसी का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल सहित NDA के सभी सहयोगी दल लगातार गांव-गांव जाकर जनता के बीच काम कर रहे हैं। उन्होंने पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी। वहीं के इस विवादित बयान के बाद प्रदेश की सियासत में विपक्षी दलों की ओर से इस पर तीखी प्रतिक्रिया आने की पूरी संभावना है।