मऊ

मऊ: 155 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कार बरामद

एएसपी अनुराग कुमार ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

less than 1 minute read
Apr 22, 2026

मऊ जनपद में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दक्षिण टोला, स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 155 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अंतर्राज्यीय शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2026 को रामपुर चकिया फ्लाईओवर के पास की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक कार को रोका, जिसमें विशेष रूप से छिपाकर शराब ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त स्थान से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में सिग्नेचर और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की कुल 155 लीटर शराब शामिल है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनीत कुमार, नितीश कुमार और क्रांति कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के विभिन्न जनपदों के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार में दोगुने दाम पर बेचते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे हर बार रास्ता और वाहन की नंबर प्लेट बदल देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त वोक्सवैगन वेंटो कार भी बरामद की गई है।

एएसपी अनुराग कुमार ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
22 Apr 2026 04:14 pm
Also Read
View All