मऊ जिले में इस बार होली के बाद मौसम ने अजब-गजब रूप दिखाया। आमतौर पर मार्च के महीने में धूप तेज होने लगती है और ठंड लगभग खत्म हो जाती है, लेकिन इस बार सुबह के समय घना कोहरा छा गया। शुक्रवार की सुबह जिले के कई इलाकों में कोहरे की चादर दिखाई दी, जिससे […]
मऊ जिले में इस बार होली के बाद मौसम ने अजब-गजब रूप दिखाया। आमतौर पर मार्च के महीने में धूप तेज होने लगती है और ठंड लगभग खत्म हो जाती है, लेकिन इस बार सुबह के समय घना कोहरा छा गया। शुक्रवार की सुबह जिले के कई इलाकों में कोहरे की चादर दिखाई दी, जिससे लोगों को सर्दियों जैसा अहसास हुआ।
सुबह के समय दृश्यता कम थी। चारों तरफ धुंध थी ।हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया और धूप निकलनी शुरू हुई, वैसे-वैसे कोहरा धीरे-धीरे छंट गया और मौसम साफ हो गया। दोपहर तक आसमान पूरी तरह साफ नजर आया।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय मौसम तेजी से बदल रहा है। कभी सुबह ठंड और कोहरा तो दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में सर्दी, खांसी, बुखार और गले के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
डॉक्टरों का कहना है कि इस बदलते मौसम में लापरवाही से लोग जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। सुबह और रात में हल्की ठंड रहती है जबकि दिन में गर्मी महसूस होती है। ऐसे में लोगों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनने, ठंडी चीजों से परहेज करने और खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया है। फिलहाल दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड के बीच लोग मौसम के बदले रंग का अनुभव कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा और कोहरे की स्थिति खत्म हो जाएगी