
पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया (Image: Patrika)
Mau Crime: मऊ शहर कोतवाली पुलिस (UP Police) ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। आरोपी सुबह-सुबह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए निकलता था और पुलिसकर्मियों को देखते ही योगा-एक्सरसाइज करने लगता था, ताकि कोई उसे संदिग्ध न समझे। इस बार पुलिस की सतर्क निगाहों से उसका यह खेल ज्यादा देर तक नहीं चल सका और वह गिरफ्त में आ गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद चौराहों और थानों के आसपास भी बेहद सामान्य तरीके से गुजरता था। पुलिस को देखते ही वह हाथ-पैर हिलाकर योग और एक्सरसाइज करने लगता था, जिससे लोग उसे मॉर्निंग वॉकर समझ लेते थे।
एएसपी ने बताया कि आरोपी इतना शातिर था कि थाना परिसर के सामने पहुंचने पर भी योग करने का अभिनय करता था और आराम से निकल जाता था। हालांकि इस बार पुलिस ने उस पर लगातार नजर बनाए रखी और पीछा करते हुए उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने एक अधिवक्ता के घर हुई चोरी की घटना कबूल कर ली। उसके पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 27-28 अप्रैल 2026 की रात थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मुंशीपुरा मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस ने 22 मई 2026 को हयात सेंटर के पास देवपरवां मोहल्ले से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रवि दूबे उर्फ झम्मन दूबे पुत्र स्वर्गीय अनिरुद्ध दूबे निवासी पुरैना चौराहा, थाना सलेमपुर, जनपद देवरिया के रूप में बताई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 27 अप्रैल को ट्रेन से देवरिया से मऊ आया था। रेलवे स्टेशन के बाहर रुकने के बाद उसने मुंशीपुरा स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर चढ़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद भागने के दौरान कुछ आभूषण रास्ते में गिर गए, जबकि कुछ जेवर उसने ट्रेन में एक अज्ञात व्यक्ति को कम कीमत पर बेच दिए। उसके पास से बरामद 2250 रुपये उसी चोरी के सामान को बेचने से बची रकम बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह दोबारा चोरी करने की नीयत से मऊ आया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह तमंचा लोगों को डराने और अपनी सुरक्षा के लिए रखता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोरखपुर, मऊ समेत विभिन्न जनपदों के थानों में चोरी और अन्य मामलों के कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
Published on:
23 May 2026 07:10 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
