खेल विश्वविद्यालय की जमीन पर कटान के सापेक्ष हस्तिनापुर में कई गुना पौध लगाने की तैयारी है।
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बन रहे खेल विश्वविद्यालय(Sport University ) के लिए पेड़ों का कटान करना होगा। वन विभाग ने इससे संबंधित रिपोर्ट शासन को भेज दी है। यूपी में खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए लंबे समय से खेल विश्वविद्यालय खोलने की मांग उठ रही थी।
866 पेड़ों का करना होगा कटान
मेरठ जिले के सरधना इलाके के सलावा में बन रहे खेल विश्वविद्यालय के लिए 866 पेड़ों को कटाना (Tree cut for Sports University) पड़ेगा। वन विभाग के अधिकारियों ने 92 एकड़ में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय में पेड़ों की रिपोर्ट सरकार को भेज दिया है। इसके अलावा पर्यावरण को नुकसान न हो इसलिए हस्तिनापुर वन्य जीव अभयारण्य में करीब 35 एकड़ में हरियाली बसाई जाएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए लंबे समय से खेल विश्वविद्यालय खोलने की मांग उठ रही थी।
संजीव बालियान ने की थी पहल
बीते साल मुजफ्फरनगर से बीजेपी सांसद(BJP MP) एवं केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने खेल विश्वविद्यालय पर मुहर लगाते हुए मेरठ (Meerut) के सरधना में जमीन भी चिह्न्ति कर दी थी। जबकि मेरठ जिले के जनप्रतिनिधि परतापुर कताई मिल की खाली पड़ी जमीन पर विश्वविद्यालय को खोलना चाह रहे थे।
शासन को भेजी गई रिपोर्ट
मेरठ प्रभाग के वन संरक्षक गंगा प्रसाद का कहना है कि सरधना के सलावा व कैली में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की जमीन में 36 प्रकार की प्रजातियों के पेड़ हैं, जिसमें आम, अर्जुन, सेमल, अमलताश, बेल, शीशम, नीम एवं जामुन की संख्या ज्यादा है। पेड़ों की गणना और उसकी दशा का आकलन करते हुए एक रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। सर्वाधिक 215 अर्जुन और 200 आम के पेड़ कटेंगे, जबकि यूकेलिप्टिस के 71 पेड़ों को काटना पड़ेगा।
पेड़ काटने की होगी प्रतिपूर्ति
वन विभाग के अधिकारी गंगा प्रसाद ने बताया कि खेल विश्वविद्यालय की जमीन से पेड़ काटने की प्रतिपूर्ति में हस्तिनापुर वन्य जीव अभयारण्य में 32 हेक्टेअर से ज्यादा जमीन चिह्न्ति की गई है, जिसमें प्रति हेक्टेअर 1100 पौधे लगाए जाएंगे। यानी, कुल मिलाकर 40 हजार से ज्यादा पौधों को रोपने की योजना है।
विकास योजनाओं के लिए करना पड़ता है कटान
जिला वन अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि विकास योजनाओं में पेड़ों का कटान कराना पड़ता है, लेकिन पर्यावरण के नुकसान से बचने के लिए कटान से ज्यादा पौधारोपण किया जाता है। खेल विश्वविद्यालय की जमीन पर कटान के सापेक्ष हस्तिनापुर में कई गुना पौध लगाने की तैयारी है।
700 करोड़ में बनकर तैयार होगा विश्वविद्यालय
आपको बता दें कि खेल विश्वविद्यालय का कुल बजट-700 करोड़ है। जिसमें से 20 करोड़ मिल गया है। यह विश्वविद्यालय जहां स्थित है वह मेरठ जिले में लेकिन वहां संसदीय क्षेत्र मुजफ्फरनगर लगता है। इसके अलावा यह स्टेडियम 92 एकड़ में फैला होगा।