
मेरठ। 6 दिसंबर को बाबरी विध्वंस की बरसी पर सुरक्षा दृष्टि के मद्देनजर वेस्ट यूपी के कई जनपदों में स्कूल-कालेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इन जनपदों के जिलाधिकारियों ने शांति व सुरक्षा दृष्टिगत स्कूल-कालेजों में 6 दिसंबर, शुक्रवार को छुट्टी घोषित की है। मेरठ में गुरुवार की रात पुलिस अफसरों ने शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बुलंदशहर और शामली में स्कूल कालेज बंद रखने के निर्देश जिलाधिकारियों ने दिए हैं।
मेरठ में जिलाधिकारी अनिल ढींगरा के आदेशानुसार मेरठ में शांति एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी बेसिक, माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई के स्कूलों, सभी विश्वविद्यालयों से संबद्ध कालेजों, मदरसा, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों, पॉलिटेक्निक व आईटीआई संस्थानों में छह दिसंबर को अवकाश घोषित किया गया है। डीएम के सख्त आदेश हैं कि यदि कोई शिक्षण संस्था खुली पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह मुजफ्फरनगर में भी 6 दिसंबर को सभी स्कूल-कालेज बंद रखने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं। इसी तरह शामली में भी सभी स्कूल-कालेेज, आईटीआई, पालिटेक्निक शिक्षण संस्थाएं बंद रखने के निर्देश हैं। सहारनपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने डीएम के आदेश पर कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को अवकाश के निर्देश जारी किए हैं। बुलंदशहर के डीएम रविंद्र कुमार ने जनपद के कक्षा एक से 12 तक के समस्त सरकारी व गैर सरकारी स्कूल-कालेेज और उसके समकक्ष के सभी प्रशिक्षण संस्थान व अन्य एजूकेशनल इंस्टीट्यूशन में 6 दिसंबर को अवकाश किए जाने के आदेश दिए हैं।