
Meerut honor killing : भाई ने बहन को मार डाला, PC- Patrika
मेरठ : मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक भाई ने अपनी 19 वर्षीय बहन की केवल इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसके प्रेम संबंधों से नाराज था। हत्या के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और पुलिस से कहा, 'मैंने अपनी बहन को मार दिया है, घर में उसकी लाश पड़ी है, जाकर उठा लो।'
मंगलवार शाम करीब चार बजे रसूल नगर निवासी 22 वर्षीय दिलशाद ने अपनी बहन इलमा का दुपट्टे से गला घोंटकर कत्ल कर दिया। पुलिस जब उसके साथ घर पहुंची तो कमरे में इलमा का शव पड़ा मिला। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
इलमा की शादी कम उम्र में श्याम नगर निवासी गुलफाम से कर दी गई थी। लेकिन वैवाहिक जीवन ज्यादा समय तक नहीं चल सका। पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने पर वह करीब छह महीने पहले मायके लौट आई थी।
मायके लौटने के बाद इलमा की जिंदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। परिवार का आरोप था कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था और इसी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस पूछताछ में दिलशाद ने बताया कि वह अपनी बहन के प्रेम प्रसंग का विरोध करता था। उसके अनुसार, इलमा कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी और परिवार की बात मानने को तैयार नहीं थी।
आरोपी ने बताया कि रविवार सुबह इलमा अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। दो दिन बाद जब वह वापस लौटी तो घर में फिर बहस शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में दिलशाद ने दुपट्टे से उसका गला कस दिया। कुछ ही मिनटों में इलमा की सांसें थम गईं।
वारदात के बाद दिलशाद भागा नहीं। पहले वह बिजली बंबा पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। इसके बाद वह सीधे लोहिया नगर थाने गया और पुलिस को हत्या की जानकारी दी। पुलिस अधिकारी भी उसकी बात सुनकर हैरान रह गए। आरोपी को साथ लेकर पुलिस उसके घर पहुंची, जहां इलमा का शव बरामद हुआ।
पूछताछ में दिलशाद ने पुलिस को बताया कि उसे अपने किए पर कोई अफसोस नहीं है। उसका कहना था कि उसने परिवार की इज्जत बचाने के लिए यह कदम उठाया है और वह जेल जाने के लिए तैयार है।
हालांकि कानून की नजर में यह एक जघन्य हत्या है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में मां समेत अन्य परिजन भी मौजूद थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि भाई-बहन के बीच होने वाला विवाद इतनी भयावह परिणति तक पहुंच जाएगा। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Published on:
01 Jul 2026 01:41 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
