1 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव में भीषण हादसा, स्लीपर बस और कार की टक्कर में 5 की मौत, 8 घायल

Agra Lucknow Expressway : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के बांगरमऊ में स्लीपर बस और अर्टिगा कार की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत और 8 घायल। चालक को झपकी आने से हुआ हादसा।
2 min read
Google source verification
Unnao road accident, sleeper bus crash

उन्नाव में आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 5 की मौत, PC- Patrika

उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ थाना क्षेत्र में सुबह करीब 4:30 बजे एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने आगे चल रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी और पलट गई।

हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कम से कम आठ यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जबकि कार में 9 लोग मौजूद थे। दुर्घटना में कार सवार चार और बस के चार यात्रियों को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस (BR 06 PF 1024) ने बांगरमऊ थाना क्षेत्र में लखनऊ से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार (UP 58 AK 3461) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13) और विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बांगरमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और बांगरमऊ एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।