
उन्नाव में सड़क हादसा (फोटो- पत्रिका)
Unnao Big Incident: उन्नाव जिले में कालूखेड़ा-असोहा मार्ग पर सेरवैया गांव के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक सवार फुफेरे जीजा-साले को ट्रैक्टर-ट्ऱॉली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में जीजा-साले की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों से मिली हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
उन्नाव के भटपुरा गांव में रामभजन की मौत हो गई थी। रामभजन के सभी रिश्तेदारों को उनके घर पहुंचने में देरी हो रही थी। इसलिए शव को सुरक्षित रखने के लिए सूरत रावत अपने फुफेरे साले रज्जन रावत के साथ मार्केट के बर्फ लेने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में सूरत रावत और रज्जन रावत की मौत हो गई।
सूरत रावत, सोहरामऊ थाना क्षेत्र के चौपई गांव के निवासी थे। सूरत रावत के बेटे अमृतलाल ने बताया कि मेरे ससुर रामभजन की मौत हो गई थी। सभी लोग रामभजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। घर में रामभजन का शव रखा था और हादसे में सूरत रावत एवं रज्जन रावत की मौत हो गई।
परिवार में एक साथ 3 रिश्तेदारों की मौत से माहौल और अधिक गमगीन हो गया। अमृतलाल ने बताया कि मेरे पिता असोहा थाना क्षेत्र के गांव गिलशहामऊ निवासी रज्जन रावत के साथ बर्फ लेने के लिए कालूखेड़ा जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया।
हादसे के समय मौजूद लोगों के मुताबिक, कालूखेड़ा-असोहा मार्ग पर सेरवैया गांव की मोड़ के पास रविवार शाम करीब 4 बजे डस्ट लादकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसकर करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
सड़क पर घिसटने की वजह से बाइक में आग लग गई। यह देखकर लोग दौड़े तो ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक पर पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुचना पर पहुंचे कालूखेड़ा चौकी इंचार्ज मृत्युंजय कुमार ने बाइक सवारों को CHC पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कालूखेड़ा थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि मृतक रज्जन के बेटे राजकिशोर की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Updated on:
28 Jun 2026 10:51 pm
Published on:
28 Jun 2026 10:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
