
हेलमेट नहीं लगाने पर पुलिस ने युवक को पीटा (फोटो-पत्रिका)
Unnao Police News: उन्नाव में खेत में काम करने जा रहे बाइक सवार की पुलिस ने पिटाई कर दी। घटना के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। एसपी ऑफिस शिकायत लेकर पहुंचे युवक ने बताया कि पुलिस ने पैसों की मांग की। युवक ने सवाल-जवाब किया तो पुलिस ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने बताया कि वह पुलिसकर्मियों की शिकायत लेकर माखी थाने गया तो सब इंस्पेक्टर ने धमकी देते हुए कहा कि पूरा गांव परेशान हो जाएगा। फिलहाल, पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच करके कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के सधवाखेड़ा गांव निवासी अमन रावत पुत्र राजकुमार ने बताया कि वह अपने घर से खेत जा रहा था। रास्ते में नहर कोठी के पास माखी थाना पुलिस के कांस्टेबल चेकिंग लगाए थे। उन्होंने रुकने का इशारा किया। रुकने पर कांस्टेबल ने कहा कि हेलमेट नहीं पहने हो। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि खेत में काम करने के लिए जा रहे हैं, लेकिन कांस्टेबल ने कुछ नहीं सुना और 2 हजार रपए की मांग की।
अमन रावत ने बताया कि यह पूछने पर कि किस बात के पैसे? इस पर उन्होंने अभद्रता की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। जमीन पर गिरा कर लात और जूतों से मारा। मौके पर खेत में काम कर रहे किसान और ग्रामीण पहुंच गए। यह देख कांस्टेबल कॉलर पकड़कर घसीटते हुए थाने ले गया। थाने में भी युवक के साथ मारपीट की गई। अमन ने बताया कि पुलिस ने सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया।
अमन ने बताया कि कांस्टेबल के साथ मौके पर दो महिला सिपाही भी मौजूद थीं। माखी थाने में शिकायत लेकर गए तो वहां के एक सब इंस्पेक्टर ने धमकी दी। कि इस प्रकार से अगर पुलिस वालों की शिकायत करोगे तो गांव वालों को भी परेशान करना शुरू कर दूंगा। पुलिस अधीक्षक से शिकायत और न्याय मांगने के लिए आए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने जांच के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच क्षेत्राधिकारी सफीपुर को सौंपी गई है।
Updated on:
25 Jun 2026 05:27 pm
Published on:
25 Jun 2026 05:27 pm
