
इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या (फोटो- पत्रिका)
Nisha Chauhan Murder Case: 'मिस्त्री मान जाओ' टाइटल वाले वायरल वीडियो से चर्चा में आई सोशल मीडिया स्टार निशा चौहान की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात का आरोप किसी और पर नहीं बल्कि खुद निशा के पति प्रदीप पर लगा है। घटना के दौरान पति प्रदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
निशा चौहान मेरठ के सरूरपुर थाने के तहत आने वाले कस्बा हर्रा में रहती थीं। वह सोशल मीडिया पर काफी मशहूर थीं और हर्रा कस्बे में ही अपना एक ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर निशा का अपने पति प्रदीप के साथ विवाद हो गया था। पहले दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर पति प्रदीप ने निशा चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। निशा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार वाले मौके पर जुट गए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चाकुओं के भारी हमले से बुरी तरह घायल हुई निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या करने के बाद प्रदीप ने उसी चाकू से खुद पर भी कई वार किए जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की भनक लगते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेन्सिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात के समय का सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है जिससे जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहली नजर में यह मामला पति-पत्नी के बीच हुए किसी घरेलू विवाद का ही लग रहा है। फिलहाल घायल आरोपी पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
03 Jul 2026 01:07 pm
Published on:
03 Jul 2026 12:03 pm
