
शादी के 4 महीने बाद बेडरूम में मिली सपना की लाश (फोटो- पत्रिका)
Dowry Death in Jhansi: मौत से पहले बहन की आखिरी गुहार- 'भैया, मुझे यहां से ले जाओ…' उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के महज 4 महीने बाद ही एक नई नवेली दुल्हन सपना साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सपना का शव उसके बेडरूम में बेड पर पड़ा मिला। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
32 साल की सपना साहू की शादी इसी साल 20 फरवरी, 2026 को झांसी के झरखड़िया मोहल्ला निवासी अभिषेक साहू के साथ हुई थी। अभिषेक बिसाती बाजार में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। मौत से कुछ घंटे पहले, शनिवार रात करीब 11 बजे सपना ने अपने भाई सत्येंद्र साहू को फोन किया। भाई का दावा है कि फोन पर सपना रो रही थी। उसने सिर्फ इतना कहा, "भैया, मुझे यहां से ले जाओ... मेरा यहां मन नहीं लग रहा है।" परिवार ने उसे मंगलवार को मायके ले आने का भरोसा दिया था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक खबर आ गई।
घरवालों ने सपना को मंगलवार को मायके लाने का वादा किया था क्योंकि उसके बड़े ससुर के यहां त्रयोदशी का कार्यक्रम था। घरवालों का कहना है कि सपना की शादी में जमकर खर्च किया गया था लेकिन शादी के करीब एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष की तरफ से दहेज की मांग शुरू हो गई। वे लोग लगातार सोने की चेन, AC और अन्य सामान की मांग कर रहे थे। भाई सत्येंद्र ने बताया कि महज 10 दिन पहले ही उन्होंने सपना को एक नया कूलर भी गिफ्ट किया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं।
रविवार की सुबह सपना के पति अभिषेक ने मायके वालों को फोन कर बताया कि सपना कुछ बोल नहीं रही है। आनन-फानन में जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो देखा सपना बेड पर बेसुध पड़ी थी। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सपना के भाई सत्येंद्र ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पति और ससुराल वालों पर दहेज-हत्या का केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उनकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित किया जाता था और पति भी उसे समय नहीं देता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
29 Jun 2026 12:30 pm
बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
