
राम मंदिर चंदा-चोरी केस में पुलिस की पूछताछ जारी (फोटो- पत्रिका)
Ayodhya Ram Mandir Donation Controversy:राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अयोध्या पुलिस ने मामले के आरोपी अनुकल्प मिश्रा की रिश्तेदार सुषमा मिश्रा से पूछताछ की है। पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। वहीं पूछताछ के दौरान सुषमा मिश्रा ने अपने भतीजे अनुकल्प का पुरजोर बचाव करते हुए उसे एक अच्छा इंसान और निर्दोष बताया है।
पूछताछ को लेकर सुषमा मिश्रा ने कहा कि अनुकल्प उनका भतीजा है और वह बहुत ही अच्छा इंसान है। उन्होंने बताया कि अनुकल्प के अंदर कोई भी गलत आदत या नकारात्मक बात नहीं है। सुषमा मिश्रा ने अपने भतीजे की दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा कि हमारा लड़का हर मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ करता है। वह पूजा-पाठ और धार्मिक कर्मकांडों में बहुत गहरी आस्था रखता है और उसके संस्कार बहुत ही अच्छे हैं।
सुषमा मिश्रा ने आगे बताया कि अनुकल्प अपनी पढ़ाई कर रहा था लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह राम मंदिर में ही काम करने लगा था। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताते हुए कहा कि चंदा चोरी जैसे इतने बड़े मामले में उनके भतीजे का नाम आखिर कैसे शामिल हो गया? सुषमा ने कहा कि मुझे बिल्कुल नहीं पता कि उसका नाम इस सब में कैसे आ गया क्योंकि वह उस तरह का लड़का बिल्कुल भी नहीं है जो किसी गलत काम में पड़े।
अनुकल्प का नाम इस विवाद में आने के बाद परिवार वालों की स्थिति का जिक्र करते हुए सुषमा मिश्रा ने कहा कि इस घटना के बाद से घर का हर सदस्य बहुत ज्यादा परेशान और दुखी है। उन्होंने अपने भतीजे की तारीफ करते हुए बड़े दावे के साथ कहा कि मैं तो यह भी कहूंगी कि, पूरे गांव में उसके जैसा कोई दूसरा सीधा और अच्छा लड़का नहीं है। फिलहाल पुलिस परिवार के बयानों और मामले से जुड़े अन्य सबूतों के आधार पर अपनी जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर 25 जून को दर्ज हुई पहली FIR के बाद टिन्नू यादव सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट से 3 दिन की न्यायिक हिरासत मिलने के बाद सभी आरोपी फैजाबाद जेल में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, जेल में आरोपियों की पहली रात काफी बेचैनी में गुजरी और वे रात भर सो नहीं पाए। सोमवार को इन सभी को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
29 Jun 2026 10:50 am
Published on:
29 Jun 2026 10:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
