12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अयोध्या में अस्पताल से लौट रहे युवक को बदमाशों ने घेरा: तमंचा तान छीना पर्स-मोबाइल, फिर की हवाई फायरिंग, FIR दर्ज

Ayodhya Crime News: अयोध्या के कुमारगंज में अस्पताल से लौट रहे युवक वीरेंद्र यादव को बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर मोबाइल, चाबी और दो हजार रुपए से भरा पर्स छीन लिया। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी।
3 min read
Google source verification
crime news

पीड़ित वीरेंद्र कुमार यादव (फोटो पत्रिका)

Ayodhya News: कुमारगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अस्पताल से घर लौट रहे एक युवक को तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर अपना शिकार बना लिया। रास्ते में बाइक रोककर बदमाशों ने युवक का मोबाइल फोन, पर्स और बाइक की चाबी छीन ली। वारदात के दौरान इलाके में सनसनी फैलाने और पीड़ित को खामोश करने के लिए बदमाशों ने तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है।

अस्पताल में लौट रहा था पीड़ित

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक की पहचान सुल्तानपुर जिले के सबल का पुरवा (पोस्ट सोरांव) निवासी वीरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। वीरेंद्र शनिवार को अपनी भाभी को कुमारगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने आया था। शाम को जब वह अपनी बाइक से अकेले घर लौट रहा था, तभी गोकुला पुल से बल्दीराय की ओर जाने वाली शारदा सहायक नहर की पक्की सड़क पर यह वारदात घटी।

अपाची सवार बदमाशों ने घेरा

वीरेंद्र ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया कि शाम करीब चार बजे जैसे ही वह गोकुला पुल से लगभग 700 मीटर आगे एक आम के पेड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार अपाची मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक आ पहुंचे। बदमाशों ने अपनी बाइक को अचानक वीरेंद्र की बाइक के आगे खड़ी कर दी, जिससे वह आगे नहीं बढ़ सका और वहीं रुकने पर मजबूर हो गया।

नकदी, मोबाइल और चाबी छीना

बाइक रुकते ही तीनों बदमाशों ने वीरेंद्र को चारों तरफ से घेर लिया। विरोध करने का मौका दिए बिना बदमाशों ने जबरन उसका मोबाइल फोन, पर्स और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। पीड़ित के मुताबिक, उसके पर्स में करीब दो हजार रुपए नकदी रखी हुई थी। छिनैती की इस अचानक हुई घटना से पीड़ित बुरी तरह सहम गया और बदहवास हो गया।

दी जान से मारने की धमकी

दहशत का माहौल बनाते हुए बदमाशों में से एक ने अचानक तमंचा निकाला और हवाई फायर कर दिया। बदमाशों ने वीरेंद्र को सख्त चेतावनी दी कि यदि उसने शोर मचाया, किसी को आवाज दी या पुलिस में शिकायत की, तो उसे सीधा गोली मार दी जाएगी। पीड़ित को बदहवास हालत में छोड़कर तीनों बदमाश अपनी अपाची बाइक से सुल्तानपुर सीमा की तरफ आसानी से फरार हो गए।

पैदल घर पहुंचकर सुनाई आपबीती

बदमाशों के भाग जाने के बाद पीड़ित किसी तरह अपनी बाइक को घसीटते हुए पैदल ही अपने घर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने बदहवास हालत में परिजनों को पूरे वाकये की जानकारी दी, जिसके बाद तत्काल कुमारगंज पुलिस को सूचित किया गया।

थाने में मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष और कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश पटेल भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। चूंकि वारदात सुल्तानपुर जिले की सीमा के बेहद नजदीक हुई है, इसलिए पुलिस सीमावर्ती इलाकों में भी बदमाशों के सुराग तलाश रही है।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं धारा 309 (4), धारा 351 (3) और धारा 126 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।