
राम मंदिर (IANS Photo)
Ayodhya Ram Mandir Trust Meeting: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक 2 सितंबर को दोपहर 3 बजे मणिराम छावनी में आयोजित होगी, जिसमें मंदिर के प्रशासन से जुड़े कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के चयन को लेकर है।
ट्रस्ट के CEO पद के लिए नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। CEO पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदनों की स्क्रीनिंग हुई, जिसके बाद प्राथमिक स्क्रीनिंग में 54 आवेदकों का चयन किया गया। इनमें से 18 उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया। बताया जा रहा है कि यह अंतिम इंटरव्यू 11 और 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें चयन समिति के तीन सदस्यों ने उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया। इसके बाद तीन नामों का एक पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें से अंतिम नाम पर मुहर लगेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले हुई ट्रस्ट की बैठक में मंदिर प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई फैसले तो लिए गए, लेकिन रिक्त पदों, नए महासचिव और CEO की नियुक्ति पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। इन सभी मुद्दों पर अब 2 सितंबर की बैठक में फैसला होना तय माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि राम मंदिर के दानपात्रों की धनराशि गिनते समय हुई चोरी की घटना के बाद ही CEO नियुक्ति का फैसला लिया गया था, ताकि मंदिर की व्यवस्था का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
2 सितंबर की बैठक सिर्फ CEO तक सीमित नहीं रहने वाली। इस दौरान नए CEO और प्रवक्ता के चयन के साथ-साथ खाली ट्रस्टी पदों को भरने, सुरक्षा व्यवस्था और मंदिर के अन्य प्रशासनिक कार्यों पर भी चर्चा होगी।
ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने इस बैठक को लेकर कहा कि बैठक 2 सितंबर को होगी और इसमें ट्रस्ट के CEO के चयन को लेकर चर्चा होगी, लेकिन यह ट्रस्ट का आंतरिक मामला है और ट्रस्ट के लोग जो उचित समझेंगे, वही निर्णय लेंगे।
Updated on:
11 Aug 2026 09:42 pm
Published on:
11 Aug 2026 09:42 pm
