
चढ़ावा चोरी में टिन्नू के भाई का बयान (फोटो- पत्रिका)
Ayodhya Ram Mandir Donation Controversy: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी माने जा रहे राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के भाई दिनेश यादव अब पहली बार मीडिया के सामने आए हैं। दिनेश यादव ने इस पूरे मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा पर अपने भाई को जानबूझकर फंसाने का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है।
टिन्नू यादव के भाई दिनेश ने दावा किया है कि उनका भाई इस मामले में पूरी तरह से निर्दोष है। दिनेश ने चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम लेते हुए कहा कि बड़े पदाधिकारी खुद को बचाने के लिए छोटे लोगों को मोहरा बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके भाई को इस बड़ी साजिश में फंसाया जा रहा है ताकि असली गुनहगारों को बचाया जा सके। टिन्नू के भाई का यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस पूरे मामले की जांच अपने चरम पर है।
एसआईटी 12वें दिन भी मंदिर पहुंची। करीब दो घंटे तक जांच की गई। इस बीच संभावना जताई जा रही है कि आज ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा से भी पूछताछ हो सकती है। इससे पहले रविवार को तीन घंटे तक ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछताछ हो चुकी है। चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा जुका है। पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
बता दें राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन की तैयारी भी कर ली है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी को अनधिकृत निर्माण पर नोटिस भेजा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने आरोपियों के उन घरों की पहचान करने शुरू कर दी है, जिनका नक्शा पास नहीं था और अनधिकृत निर्माण किया गया। शहादतगंज स्थित लवकुश मिश्रा की पत्नी के नाम पर बन रहे मकान को नोटिस भेजा गया है। वहीं कौशल पुरी स्थित अनुकल्प मिश्रा का मकान भी रडार पर आ गया है। संभावना है कि इन संपत्तियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन हो सकता है।
बता दें अयोध्या में वकीलों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। चंपत राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं पुलिस और एसआईटी की जांच अब ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों तक भी पहुंचती दिख रही है। इस पूरे वित्तीय लेन-देन और चंदा चोरी के मामले में पुलिस सभी आरोपियों से सख्त कार्रवाई कर रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
02 Jul 2026 06:27 pm
Published on:
02 Jul 2026 06:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
