
राम मंदिर दान कांड में बुलडोजर की एंट्री (फोटो- पत्रिका)
Ram Mandir Donation Scam Case Update: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस का एक्शन लगातार तेज हो रहा है। राम मंदिर में हुए करोड़ों रुपये के चंदा चोरी मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन अब सख्त एक्शन के मोड में आ गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इन चंदा चोरों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने के साथ ही सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करने की भी तैयारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मामले के एक मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पर बुलडोजर एक्शन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) की टीम ने शहादतगंज में बन रहे लवकुश के नए घर का सर्वे किया है और घरवालों से भी पूछताछ की है। टीम अब मकान ढहाने का नोटिस देने की तैयारी में है। वहीं सूत्रों का कहना है कि अब तक की जांच में मिले सबूत गैंगस्टर एक्ट लगाने के लिए पर्याप्त हैं। इसके लिए कानूनी राय ली जा रही है ताकि गिरोहबंद अधिनियम के तहत आरोपियों पर सख्त कानूनी डंडा चलाया जा सके।
इस पूरे मामले में SIT की रिपोर्ट आने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन ने 8 नामजद और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश पांडेय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से अब तक करीब 80 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इसमें सबसे ज्यादा 20 लाख रुपये अविनाश शुक्ला और 20 लाख रुपये टिन्नू यादव के पास से मिले हैं। इसके अलावा करुणेश से 18 लाख, अनुकल्प से 16 लाख, लवकुश से 14 लाख 32 हजार, रमाशंकर से 7 लाख और मनीष के पास से 2 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों के पैतृक गांवों और ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। बुधवार को पुलिस की एक टीम रुदौली थाने के फगौली ठकुरान स्थित लवकुश मिश्रा के घर पहुंची। यहां पुलिस ने लवकुश की दादी से काफी देर तक पूछताछ कर अहम जानकारियां हासिल कीं। पुलिस ने लाठी से भूसे के ढेर को भी खोदकर चेक किया क्योंकि कुछ दिन पहले ही लवकुश के घर उपले के ढेर से चोरी किए गए रुपये बरामद हुए थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि कहीं और पैसा तो नहीं छिपाया गया है।
छापेमारी के इसी क्रम में करीब 25 पुलिसकर्मियों की एक टीम दो गाड़ियों में भरकर खंडासा इलाके के जयराजपुर स्थित आरोपी करुणेश पांडेय के पैतृक आवास पर भी पहुंची। यहां पुलिस ने करीब दो घंटे तक घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। वहीं पुलिस की तीसरी टीम इनायतनगर थाने के बसावां गांव पहुंची जहां आरोपी अनुकल्प मिश्रा का पैतृक घर है। अनुकल्प ने हाल ही में कौशलपुरी में भी एक मकान खरीदा था। खबर सामने आते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और संपत्तियों को लेकर परिजनों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
संबंधित विषय:
Updated on:
02 Jul 2026 12:31 pm
Published on:
02 Jul 2026 12:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
