
फैजाबाद बार एसोसिएशन ने दी चेतावनी (फोटो- पत्रिका)
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फैजाबाद बार एसोसिएशन ने एक अहम बैठक कर बहुत बड़ा फैसला लिया है। वकीलों ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कई बड़ी चेतावनियां दी हैं जिसने अयोध्या के सियासी और प्रशासनिक हलकों में भारी हलचल पैदा कर दी है।
वकीलों के भारी आक्रोश का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चंपत राय अनिल मिश्रा और गोपाल राव को सीधे निशाने पर लिया है। वकीलों ने इन तीनों पदाधिकारियों को तीन दिन के भीतर अयोध्या छोड़ने का सख्त अल्टीमेटम दिया है। बार एसोसिएशन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में ऐसा नहीं होता है तो वे पूरी अयोध्या को जाम कर देंगे और किसी भी बाहरी व्यक्ति को शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा।
अयोध्या बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है कि कोई भी स्थानीय वकील राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपियों का केस नहीं लड़ेगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई भी वकील आरोपी का पक्ष अदालत में नहीं रखेगा। अगर कोई वकील ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उस पर 5 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही आरोपियों का केस लेने वाले वकील की सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी।
पुलिस की जांच भी इस मामले में तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने सोमवार को ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय का बयान रिकॉर्ड कर लिया है। हालांकि अनिल मिश्रा और गोपाल राव का बयान अभी दर्ज होना बाकी है जो जल्द ही किया जाएगा। पुलिस इस मामले में एक एक करके करीब 140 लोगों के बयान दर्ज करेगी। जांच में यह भी सामने आया है कि करोड़ों रुपये की हेराफेरी केवल गिनती करने वालों के बस की बात नहीं थी। पुलिस और एसआईटी की जांच में बैंक के दो कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध और सक्रिय पाई गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि बैंककर्मियों की मिलीभगत के बिना यह खेल लंबे समय तक संभव नहीं था इसलिए जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
चंदा चोरी केस में अब तक 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है और उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी 8 अभियुक्तों की रिमांड आज खत्म हो रही है जिसके बाद सभी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि पुलिस आगे की पूछताछ के लिए सभी अभियुक्तों की दोबारा रिमांड की मांग कर सकती है। इससे पहले रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के घरों पर सघन छापेमारी भी की थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने ज्वैलरी कैश और प्रॉपर्टी के कई अहम कागजात बरामद किए हैं।
बैठक के दौरान बार एसोसिएशन ने इस पूरे घोटाले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वकीलों ने मांग की है कि इस मामले में चंपत राय अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी तुरंत FIR दर्ज की जानी चाहिए। इसके अलावा वकीलों का स्पष्ट कहना है कि राम भक्तों की आस्था से जुड़े इस इतने बड़े चंदा चोरी मामले की जांच किसी स्थानीय एजेंसी से न कराकर CBI से कराई जानी चाहिए ताकि मामले का पूरा सच सामने आ सके।
Updated on:
29 Jun 2026 01:00 pm
Published on:
29 Jun 2026 12:44 pm
बड़ी खबरें
View Allअयोध्या
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
