
राम मंदिर विवाद पर भड़के अखिलेश यादव (फोटो- पत्रिका)
Akhilesh Yadav Press Conference: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यानी गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव के साथ अयोध्या 'राम निवास मंदिर' के पंच प्रमुख हरिशंकर साफरीवाला भी मौजूद थे जिन्होंने चंपत राय पर मंदिर और उसके चढ़ावे पर जबरन कब्जे का गंभीर आरोप लगाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंच प्रमुख हरिशंकर साफरीवाला ने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका 'राम निवास मंदिर' प्रभु श्री राम के मुख्य मंदिर से बिल्कुल सटा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि चंपत राय ने उनके इस ऐतिहासिक मंदिर पर जबरन कब्जा कर लिया। साफरीवाला ने आगे कहा कि चंपत राय ने इस मामले को दबाने और उन्हें चुप कराने के लिए करोड़ों रुपये का लालच भी दिया था। उनका आरोप है कि उनके मंदिर का जितना भी चढ़ावा था वह सब चंपत राय ने खुद रख लिया है और यह सीधे-सीधे उनके मंदिर में डाला गया डाका है। उन्होंने कहा कि पुलिस में FIR दर्ज कराने की कोशिश की गई लेकिन सरकार में कोई सुनवाई नहीं हुई।
हरिशंकर साफरीवाला के आरोपों का समर्थन करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। अखिलेश ने कहा कि प्रभु श्री राम के चढ़ावे में डकैती से ऊपर भी अगर दुनिया में कोई शब्द बना हो तो आज वह इस्तेमाल होना चाहिए। जनता ने जो अपनी गाढ़ी कमाई से गुप्त दान दिया उसका कोई हिसाब-किताब नहीं दिया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि यह सब कारनामे इनकी रोजाना की आदत में शुमार हैं लेकिन अब इनकी यह चोरी पकड़ी गई है। प्रभु श्रीराम इन्हें इस भारी पाप के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।
अखिलेश यादव ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम और संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्री राम है और दूसरा नाम हमारा संविधान है। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार संविधान और लोकतंत्र दोनों के साथ खुला खिलवाड़ कर रही है। जो बात ये लोग जनता के वोट से हासिल नहीं कर पा रहे हैं उसे अब सांसदों को तोड़कर पूरा करने की कोशिश की जा रही है।
डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का बड़े जोर शोर से उद्घाटन किया था वह पहली ही बारिश में ढह गया। इसके बाद गंगा एक्सप्रेस वे में भी भारी तकनीकी कमियां सामने आई हैं। साइबर फ्रॉड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पिछले 10 साल के शासनकाल में उत्तर प्रदेश अब एक फ्रॉड प्रदेश बन चुका है। जिस प्रदेश में साक्षात भगवान का चढ़ावा तक चोरी हो जाता हो वहां न जाने कितने जालसाज घूम रहे होंगे।
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात का भी खुलासा किया कि आखिर लोकसभा चुनाव में भाजपा अयोध्या यानी फैजाबाद सीट से क्यों हार गई। उन्होंने बताया कि जब अयोध्या में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए किसानों की कीमती जमीनें सस्ते और औने-पौने दामों में जबरन ली जा रही थीं तब, वहां के गरीब किसान और स्थानीय लोग सरयू नदी के पवित्र पानी में खड़े होकर हाथ में जल लेकर कसम खा रहे थे कि वे इस बार भाजपा को सबक सिखाएंगे।
संबंधित विषय:
Updated on:
02 Jul 2026 05:39 pm
Published on:
02 Jul 2026 05:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
