
ओपी राजभर ने सपा पर साधा निशाना। फोटो सोर्स-x (@oprajbhar)
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा सांसद राजीव राय पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पानी की टंकी से जुड़े एक घटनाक्रम को लेकर राजभर ने सांसद पर ‘ड्रामा’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजीव राय की ‘एक्टिंग’ फिल्म ‘शोले’ के पानी की टंकी वाले चर्चित दृश्य पर भी भारी पड़ गई।
ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी में उनसे भी बड़े ‘एक्टर’ मौजूद हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें हाल ही में पता चला कि सपा में उनसे बड़े अभिनेता भी हैं और यह जानकर उन्हें खुशी हुई। राजभर ने कहा कि फिल्म ‘शोले’ का पानी की टंकी वाला सीन भी सपा नेता की कथित एक्टिंग के सामने फीका पड़ गया। उन्होंने अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पर सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी यह पोस्ट जरूर देखी होगी।
राजभर ने आरोप लगाया कि सांसद राजीव राय के कहने पर उनका एक समर्थक पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहीं से सड़क बनवाने की मांग सोशल मीडिया के जरिए उठाई गई। मंत्री के मुताबिक, इसके बाद सांसद की ओर से सड़क बनवाने की बात कही गई और समर्थक टंकी से नीचे उतर आया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि यह मामला ‘लाइट, कैमरा, एक्शन’ की जगह ‘सोशल मीडिया पोस्ट-पोस्ट-पोस्ट’ जैसा हो गया।
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजीव राय ने एक्टिंग के मामले में उन्हें भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने अखिलेश के PDA की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी कथित एक्टिंग में वह बात दिखाई नहीं देती, जो सांसद ने करके दिखाई। राजभर ने यह भी कहा कि अगर सोशल मीडिया पर एक्टिंग के लिए कोई पुरस्कार होता तो उनके मुताबिक राजीव राय को हराना मुश्किल होता।
अपने बयान के अंत में ओमप्रकाश राजभर ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि उम्मीद है कि विक्रमादित्य मार्ग पर जल्द ही ‘ड्रामा स्कूल’ खुलने वाला है। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव’ के साथ किया।
संबंधित विषय:
Updated on:
17 Aug 2026 12:03 pm
Published on:
17 Aug 2026 12:03 pm
