Highlights -अमेरिका चैनल के लिए कर रही थी पत्रकारिता -परिवार मेरठ के शास्त्रीनगर का रहने वाला -विस्फोट स्थल से चंद कदम की दूरी पर था आंचल का फ्लैट
मेरठ। लेबनान की राजधानी बेरूत में गत मंगलवार को हुए भीषण बम विस्फोट में मरने वालों की संख्या 100 पहुंच गई है। वहीं इस विस्फोट में मेरठ शास्त्रीनगर की रहने वाली एक महिला आंचल वोहरा भी घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक आंचल को काफी चोटें आई हैं। आंचल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर विस्फोट की वीडियो और खुद के घायल होने की जानकारी दी है। आंचल ने घायल होने के बाद इसकी जानकारी अपने एक दोस्त को दी। दोस्त ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। वहीं विस्फोट के बाद मलबे के कुछ टुकड़े उनके फ्लैट में भी आकर गिरे। जिससे उनके फ्लैट को भी काफी नुकसान हुआ है।
दरअसल, मेरठ के शास्त्रीनगर की रहने वाली आंचल वोहरा बेरूत में रहकर पत्रिकारिता कर रही हैं। आंचल मेरठ के शास्त्री नगर में ही पली बढी हैं उनका परिवार शास्त्रीनगर में ही रहता है। आंचल वोहरा बेरूत में एक अमरीकी न्यूज चैनल की सीनियर संवाददाता है। वो बेरूत मिडिल ईस्ट और साउथ एशिया पालिटिक्स की रिपोर्टिग कर रही हैं। इससे पहले आंचल दुबई के प्रसिद्ध चैनल के लिए भी काम कर चुकी हैं। जिस जगह धमाका हुआ है वहां से आंचल वोहरा का घर नजदीक पर ही है।
आंचल वोहरा ने ट्वीट करके अपने घायल होने और घर के क्षतिग्रस्त होने के बारे में परिजनों को जानकारी दी है। आंचल के घायल होने की सूचना से परिजन चिंतित हैं। परिजनों को जब आंचल के अस्पताल में भर्ती होने और उनके सकुशल होने की जानकारी मिली तो परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं परिजन पल—पल की जानकारी के लिए आंचल को फोन कर रहे हैं। आंचल ने अपने परिजनों को बताया कि अब उसकी हालत ठीक है।