Highlights मेरठ छावनी ने पकड़ा गया संदिग्ध युवक पूछताछ के बाद लालकुर्ती पुलिस को सौंपा संदिग्ध अवस्था में छावनी के कैंप के आगे बैठा था
मेरठ। मेरठ छावनी क्षेत्र से सेना की क्यूआरटी ने संदिग्ध हालत में एक युवक को पकड़ा है। क्यूआरटी टीम ने पकड़े गए युवक की तलाशी लेने के बाद उसको थाना लालकुर्ती पुलिस को सौंप दिया। लालकुर्ती पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। पकड़ा गया युवक नशे की हालत में कुछ भी उल्टा सीधा बोल रहा है। युवक कभी तो किसी नेता की जय बोलने लगता है तो कभी देश की समस्याओं पर भाषणबाजी करने लगता है।
क्यूआरटी टीम गश्त पर थी। टीम को इसी दौरान डोगरा सेंटर मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पहले तो क्यूआरटी टीम ने युवक को कुछ नहीं कहा और न उसको टोका, लेकिन जब क्यूआरटी टीम वापस लौट रही थी। उस दौरान यह युवक सेना के एक कैंप के सामने बैठा था। क्यूआरटी टीम को देखकर वह वहां से उठकर वापस लौटने लगा। क्यूआरटी को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो उसको पकड़ लिया और युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गई और युवक से काफी देर तक पूछताछ की। इसके बाद उसको लालकुर्ती पुलिस को सौंपा दिया गया।
बता दे कि इधर कुछ दिनों से मेरठ छावनी में संदिग्धों के पकड़े जाने की वारदातें बढ़ी हैं। कैंट इलाके के कुछ दिन पहले भी क्यूआरटी टीम ने एक संदिग्ध ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लिया था। बाद में उसे पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया था। डोगरा सेंटर मंदिर के पास से जिस युवक को हिरासत में लिया गया है उसका नाम संजय चौहान है। वह नशे की हालत में है जो कुछ बता नहीं पा रहा है। युवक कहां का रहने वाला है यह भी नहीं बता पा रहा है। उसको छुड़वाने के लिए भी कोई थाने नहीं पहुंचा है। लालकुर्ती पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।