मेरठ

भाजपा के फायरब्रांड विधायक संगीत सोम ने अपने खिलाफ लगे आरोप वापस लिए जाने के बाद कही बड़ी बात

संगीत सोम पर 43 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया था

2 min read
Jun 13, 2018
meerut
भाजपा के फायरब्रांड विधायक संगीत सोम ने अपने खिलाफ लगे आरोप वापस लिए जाने के बाद कही बड़ी बात

मेरठ। भाजपा के फायरब्रांड सरधना विधायक संगीत सोम पर ठगी का आरोप लगाने वाले संजय प्रधान अब अपने द्वारा लगाए गए आरोप से पीछे हट गए हैं। उनका कहना है कि उन्हें कुछ गलतफहमी हो गर्इ थी, जिसके चलते ऐसा हुआ था, लेकिन अब उनका विधायक संगीत सोम से कोई विवाद नहीं है। एसएसपी से की गर्इ शिकायत भी उन्होंने वापिस ले ली है। मामले में संजय प्रधान के पिता का कहना है कि संगीत सोम और संजय प्रधान दोनों उनके ही बेटे हैं, जो विवाद हुआ था उसे आपस में सुलझा लिया गया है, अब दोनों ही मिलकर पार्टी के लिए काम करेंगे।

पहले यह लगाया था आरोप

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भाजपा नेता और ठेकेदारी का काम करने वाले संजय प्रधान ने एसएसपी के पास जाकर यह आरोप लगाया था कि विधायक संगीत सोम ने ठेकेदारी का काम दिलाने की एवज में उनसे 43 लाख रुपये लिए थे उसके बाद न तो उन्हें काम मिला और न ही अब पैसा वापस मिल रहा है। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने मामले में जांच के आदेश दे दिए थे।

संगीत सोम ने आरोप पर यह कहा

विधायक संगीत सोम का कहना है कि जब उन्हें अपने ऊपर लगे आरोप की जानकारी मिली तो उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर खुद मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अब अगर खुद संजय अपनी शिकायत वापस ले रहे हैं तो यह अच्छा है। वह बेदाग साबित हुए, इसकी उन्हें ख़ुशी है। एसपी क्राइम शिवराम यादव का इस मामले में यही कहना है कि जो शिकायत करता है वही अपनी बातों से मुकर रहा है तो फिर आगे की कार्रवाई का तो मतलब ही नहीं उठता। एसएसपी ने विधायक के खिलाफ शिकायत होने के बाद एसपी क्राइम को जांच सौंपी थी।

Published on:
13 Jun 2018 06:51 pm