दारोगा के सामने पिता-पुत्र को किया घायल घायलों का चल रहा अस्पताल में उपचार थाना ब्रहमपुरी क्षेत्र के माधवपुरम का मामला
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
मेरठ ( meerut news ) चोटी काटने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जबरदस्त संघर्ष हो गया। इस हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं मौके पर पहुंचे दारोगा ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके सामने ही दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए। दारोगा ने फोन कर थाने से अतिरिक्त फोर्स बुलवाया लेकिन इसी बीच हमलावर युवक फरार हो गए।
मेरठ ( Meerut ) के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम में धर्मानंद भट्ट परिजनों के साथ रहते हैं। उनकी नवीन मंडी में सब्जी की आढ़त है। उनके पड़ोस में भगवतपुरा निवासी नवनीत वाल्मीकि मकान का निर्माण करा रहे हैं। नवनीत लोहिया वाहिनी के महानगर सह प्रभारी हैं। रविवार को शाम धर्मानंद का बेटा मनोज भट्ट अपने ममेरे भाई भुवनेश के साथ स्कूटी से जा रहा था। इनकी स्कूटी नवनीत के निर्माणाधीन मकान के गेट से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि नवनीत ने मनोज भट्ट को उसकी चोटी काटने की बात बोल दी। विरोध करने पर नवनीत ने अपने साथी सुमित व अवनीश के साथ मिलकर पिता-पुत्र की बुरी तरह से पिटाई की। स्थानीय लोगों को एकत्र होता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। धर्मानंद के बेटे दीपक ने आरोपितों के खिलाफ ब्रह्मापुरी थाने में तहरीर दी है।
सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय ( Brampuri Police Area ) का कहना है एसएसपी ( SSP Meerut ) काे घटना के बारे में जानकारी दी गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पिता-पुत्र को घायल अवस्था में देखकर दीपक और परिवार के अन्य सदस्यों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप है कि पहले भी आरोपितों ने मारपीट की थी।