
BSF Jawan Murder case Update: मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में BSF जवान नैन सिंह जाटव की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 28 मार्च की रात जवान की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नैन सिंह BSF में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था और पश्चिम बंगाल में ड्यूटी कर रहा था। वह 6 मार्च को छुट्टी पर गांव आया था और 2 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर जाने वाला था।
घटना के बाद जवान के पिता गरीबदास ने जमीनी विवाद के चलते 4 पड़ोसियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन जांच में सामने आया कि वारदात के समय वे सभी अपने काम पर थे और घटना में शामिल नहीं थे।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नैन सिंह और उसकी पत्नी कोमल के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि जवान छुट्टी पर आने पर पत्नी से मारपीट करता था, जिससे रिश्तों में तनाव बना हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच का फोकस परिवार की ओर मोड़ा।
पुलिस ने कोमल के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें कई संदिग्ध नंबर सामने आए। घटना वाले दिन जिस नंबर पर सबसे ज्यादा बातचीत हुई, वह नैन सिंह के मौसेरे भाई गुलशन का निकला। इसके बाद पुलिस ने गुलशन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गुलशन ने कोमल के साथ अपने संबंध होने की बात कबूल की। उसने बताया कि नैन सिंह इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे दोनों के बीच तनाव था। आगे खुलासा हुआ कि कोमल और गुलशन ने मिलकर नैन सिंह की हत्या की साजिश रची।
SSP अविनाश पांडे के अनुसार, आमने-सामने पूछताछ में कोमल ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह गुलशन से शादी करना चाहती थी, इसलिए पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। इसके लिए उसने अपने जेवर बेचकर गुलशन से तमंचा खरीदवाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या में गुलशन और कोमल के साथ 3 अन्य लोग राहुल, गुड्डू और मोंटू भी शामिल थे। इन्हें वारदात में शामिल होने के लिए पैसे दिए गए थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SSP ने बताया कि इस मामले में पूरी साजिश का खुलासा हो चुका है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।