
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आगामी 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियां जोर पकड़ने लगी है। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम के लेकर अभी तक लखनऊ से शासन स्तर पर कोई आदेश नहीं आया है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम एक दिन पहले भी आ सकता है। इसलिए तैयारियां पूरी जा रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि में तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम और एसएसपी लगातार तैयारी स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार देर शाम को भी डीएम, एसएसपी व सीडीओ ने यहां तैयारियों का जायजा लिया।
बता दें कि आगामी 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री के मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय में बनी वेस्ट यूपी के सबसे आधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन करने के साथ कृषि बिलों को लेकर किसानों से संवाद कार्यक्रम की संभावना है। हालांकि कार्यक्रम को लेकर अभी तक कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन को आधिकारिक रूप से कोई सूचना नहीं मिली है। कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।
माना जा रहा है कि इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय के खेल ग्राउंड में कृषि प्रदर्शनी लगेगी, जिसमें लगभग 2000 किसान शामिल होंगे। मुख्यमंत्री किसानों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के चलते बुधवार शाम डीएम के. बालाजी, एसएसपी अजय कुमार साहनी के साथ सीडीओ ईशा दुहून भी पहुंची। उन्होंने यहां पहुंचे और कुलपति प्रोफेसर आरके मित्तल के साथ तैयारियों का जायजा लिया।