मेरठ

Weather Update: 20 किमी रफ्तार से चलेगी हवाएं, शाहीन चक्रवात ने बदला मौसम का मिजाज

Weather Forecast: वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि इस समय अरब सागर में गहरा दबाव 24 घंटे पहले चक्रवात शाहीन में बदल गया है।

2 min read
Oct 02, 2021
heavy_rain.jpg

Weather Forecast Shaheen Latest Updates: मौसम विभाग की तमाम भविष्यवाणियां इस बार बदलते वातावरण के चलते धराशाही होती जा रही हैं। अब चक्रवात शाहीन के चलते मौसम का मिजाज बदल रहा है। मेरठ ही नहीं पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके साथ ही एनसीआर में चक्रवात शाहीन का असर वातावरण में दिखाई दे रहा है। जिसके चलते अब गर्मी के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है और उमस भी कुछ हद तक बढ़ रही है। वातावरण में तल्खी के शुष्कता के चलते ऐसा हो रहा है।

पूरे देश का मौसम प्रभावित

कृषि अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि इस समय अरब सागर में गहरा दबाव 24 घंटे पहले चक्रवात शाहीन में बदल गया है। इस चक्रवात ने पूरे देश का मौसम प्रभावित किया है। उन्होंने बताया कि देर शाम को यह चक्रवात और गंभीर हो गया। उन्होंने आगे बताया कि इसके कारण वातावरण में गर्मी और उमस बढ़ी है। जिससे बारिश के आसार फिर से बनने लगे हैं।

गुलाब की तीव्रता हो गई है कम

उन्होंने बताया कि चक्रवात शाहीन भारतीय तट से दूर जा रहा है। लेकिन यह अपना प्रभाव यहां पर छोड़ रहा है। आने वाले दिनों में 20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार शाहीन अरब सागर के मध्यवर्ती क्षेत्र की ओर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को यह गंभीर चक्रवात में बदल गया है। शाहीन चक्रवात गुलाब तूफान से बचे अवशेष से बना है। जो कि गत 26 सितंबर को तटों से टकराया था। गुलाब की तीव्रता तो कम हो गई, लेकिन वह पूरी तरह से मानसून में तब्दील नहीं हो पाया था। जिस कारण से अब चक्रवात शाहीन बना है।

खतरनाक रूप ले चुका है चक्रवात शाहीन

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात शाहीन खतरनाक रूप ले चुका है। हालांकि देश में इसका अधिक असर नहीं दिखाई देगा। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का कुछ असर जरूर दिखाई देगा। जिसके कारण हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर के ऊपर बन रहा चक्रवाती तूफान शाहीन आज उत्तर अरब सागर के मध्य भागों में लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है। जिससे अगले 36 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है।

एनसीआर में तापमान में हो रही है वृद्धि

मालूम हो कि चक्रवाती तूफान की शुरूआत 26 सितंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में हुआ था। इसका विकास चक्रवात गुलाब के आने के बाद हुआ। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में इसके चलते तापमान में वृद्धि हो रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 70 फीसद हो गया है। अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार को भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। दिन में बादल छाए रहने के साथ ही दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

BY: KP Tripathi

Published on:
02 Oct 2021 12:03 pm