
मेरठ। लॉकडाउन के दौरान पुलिस सख्ती कर रही है। प्रशासनिक और पुलिस अफसर इसके पालन में सड़कों पर हैं। ऐसे में ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की शारदा रोड चेक पोस्ट का एक ऐसा मामला आया, जिससे हर कोई स्तब्ध है। परीक्षितगढ़ का किसान ट्रैक्टर ट्राली में आलू लेकर नवीन मंडी ले जा रहा था। तैनात दरोगा और सिपाहियों ने किसान से न केवल अभद्रता की बल्कि उसकी ट्रैक्टर ट्राली से जबरन एक कट्टा आलू उतरवा लिया। शिकायत पर एसएसपी ने दरोगा श्याम सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी और चार सिपाहियों के खिलाफ जांच बिठा दी है।
बताते हैं कि परीक्षितगढ़ के बहरामपुर के किसान नितिन चौधरी अपने एक साथी के साथ ट्रैक्टर ट्राली से आलू नवीन मंडी ले जा रहे थे। दिल्ली रोड पर शारदा रोड पुलिस चेक पोस्ट पुलिसकर्मियों ने उनका ट्रैक्टर रुकवा लिया। आरोप है कि चेकिंग की आड़ में किसान के साथ अभद्रता की गई। किसान ने मंडी जाने की गुहार पुलिसकर्मियों से लगाई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी नहीं सुनी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर ट्राली से जबरन आलू उतारने शुरू कर दिए। किसान के विरोध के बावजूद उन्होंने आलू से भरा एक कट्टा उतार लिया।
किसान ने इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी से बात की तो उन्होंने किसान को आलू का कट्टा वापस किसान को देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। शिकायत पर एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने इसकी रिपोर्ट एसएसपी अजय साहनी को सौंप दी। एसएसपी ने दरोगा श्याम सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इंस्पेक्टर और चार सिपाहियों के खिलाफ जांच बिठा दी।